Hindi News / bihar / patna-news / पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: बिहार के एक ही परिवार के 5 लोगों...

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: बिहार के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, कंटेनर में घुसी तेज रफ्तार कार

Purvanchal Expressway accident: आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार खड़े ट्रेलर से टकरा गई, जिसमें बिहार के सीवान के एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 16, 2026, 9:00:23 PM

Purvanchal Expressway accident

- फ़ोटो Google

Purvanchal Expressway accident: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार के सीवान जिले के एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार खड़े कंटेनर में जा घुसी, जिससे वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया।


जानकारी के अनुसार, कार की रफ्तार करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 238 के पास दोपहर करीब 3 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा और छत पूरी तरह पिचक गए और पूरा केबिन तबाह हो गया।


हादसे में कार सवार 2 पुरुष, 1 महिला और 2 बच्चियों समेत कुल 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनीष कुमार श्रीवास्तव (43), उनकी पत्नी कंचन देवी (40), पुत्री आस्था कुमारी (16) और पुत्री अदिति (11) के रूप में हुई है, जबकि एक शव की पहचान अभी नहीं हो सकी है।


सभी मृतक बिहार के सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस को मौके से मनीष कुमार श्रीवास्तव के नाम की एक आईडी मिली है, जिसमें हरियाणा के फरीदाबाद का भी पता दर्ज है।


प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार सीवान में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आया था और फरीदाबाद लौट रहा था। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर राजस्थान नंबर के ट्रेलर से उनकी कार की टक्कर हो गई। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और क्षतिग्रस्त कार को हटाने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस, सीओ सिटी, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची। सभी शवों को मोर्चरी भेज दिया गया है और परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। आजमगढ़ पुलिस सीवान पुलिस से भी संपर्क में है ताकि मृतकों की पूरी पहचान और परिजनों की जानकारी सुनिश्चित की जा सके।