Hindi News / bihar / patna-news / नेपाल में प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के बाद पटना पुलिस अलर्ट, बढाई...

नेपाल में प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के बाद पटना पुलिस अलर्ट, बढाई गई खान सर की कोचिंग की सुरक्षा

Prince Yadav Death: नेपाल के विराटनगर में प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के बाद पटना पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए खान सर की कोचिंग के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि मामले की जांच नेपाल पुलिस कर रही है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 14, 2026, 1:26:49 PM

Prince Yadav Death

- फ़ोटो Reporter

Prince Yadav Death: खान सर कोचिंग सेंटर और ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में एक नया मोड़ आ गया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में मौत हो गई है। इस घटना के बाद पटना पुलिस अलर्ट मोड में है। प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के बाद पटना में खान सर की कोचिंग की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


दरअसल, चर्चित शिक्षक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद पटना में खान सर की कोचिंग की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए कोचिंग परिसर के आसपास 70 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बताया जा रहा है कि विराटनगर के जिस होटल में उनका शव मिला, वहां वे पहले भी अक्सर ठहरते थे। फिलहाल नेपाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


इधर, यह मामला अब राजनीतिक रंग भी लेने लगा है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने प्रिंस यादव की मौत को हत्या करार देते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में हत्या हुई है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। 


हालांकि, अब तक नेपाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 2 जून को पटना में हुए खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट पर हमले और तोड़फोड़ के मामले में प्रिंस यादव का नाम भी आरोपियों में शामिल बताया जा रहा था। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि नेपाल पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।