Hindi News / bihar / patna-news / पटना में गोबर फेंकने की मामूली बात पर खूनी खेल, बुजुर्ग किसान की...

पटना में गोबर फेंकने की मामूली बात पर खूनी खेल, बुजुर्ग किसान की रॉड से पीट-पीटकर हत्या; इलाके में सनसनी

Bihar Crime News: पटना के पुनपुन थाना क्षेत्र में गोबर फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में 60 वर्षीय किसान की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों..

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 14, 2026, 10:52:51 AM

पटना में गोबर फेंकने की मामूली बात पर खूनी खेल, बुजुर्ग किसान की रॉड से पीट-पीटकर हत्या; इलाके में सनसनी

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना के ग्रामीण इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया. पुनपुन थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव में गोबर फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने एक 60 वर्षीय किसान की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोप है कि किसान मुन्द्रिका महतो को लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया.


घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. एक छोटी सी बात ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया. मृतक के घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


मृतक की पहचान मुस्तफापुर गांव निवासी 60 वर्षीय मुन्द्रिका महतो के रूप में हुई है. वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. ग्रामीणों के मुताबिक वह शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और मेहनत करके अपना जीवन चला रहे थे.


बताया जा रहा है कि शनिवार शाम गांव में गोबर फेंकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था. मृतक की पत्नी चमेली देवी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ लोगों ने पहले उनके पति से विवाद किया और बाद में उसी रंजिश में हमला कर दिया.


परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पहले मुन्द्रिका महतो के ऊपर गोबर फेंक दिया था. इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई. हालांकि मामला शांत नहीं हुआ और आरोपियों ने कथित तौर पर बदला लेने की योजना बना ली.


बताया जा रहा है कि जब मुन्द्रिका महतो खेत से काम खत्म कर शाम को घर लौट रहे थे, तभी गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास उन्हें घेर लिया गया. आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया.


हमलावरों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से बुजुर्ग किसान की जमकर पिटाई कर दी. गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह सड़क पर गिर गए. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.


आसपास मौजूद लोगों ने घायल किसान को देखा तो तुरंत परिवार वालों को सूचना दी. परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया. इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई.


किसान की मौत की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी.


सूचना मिलने के बाद पुनपुन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं.


पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.