Hindi News / bihar / patna-news / पटना की सफाई व्यवस्था चरमराई, हड़ताल पर गए नगर निगम के वाहन चालक,...

पटना की सफाई व्यवस्था चरमराई, हड़ताल पर गए नगर निगम के वाहन चालक, कचरा उठाव प्रभावित

Patna News: पटना नगर निगम के वाहन चालकों ने वेतन और बकाया भुगतान में देरी के विरोध में हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के कारण शहर के 75 वार्डों में कचरा उठाव प्रभावित हो गया है और कई इलाकों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 23, 2026, 12:51:46 PM

Patna News

पटना में कचरा उठाव ठप - फ़ोटो Google

Patna News: पटना नगर निगम के वाहन चालकों ने वेतन और बकाया भुगतान में देरी के विरोध में मंगलवार को हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल के कारण शहर के सभी 75 वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है और कई इलाकों में कचरे का अंबार लग गया है।


मीना बाजार स्थित अंचल कार्यालय के बाहर एजेंसी के अधीन कार्यरत वाहन चालकों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जून माह समाप्त होने वाला है, लेकिन अब तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। साथ ही एरियर की राशि भी बकाया है। चालकों ने मांग की है कि प्रत्येक माह की 5 तारीख तक नियमित रूप से वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।


हड़ताल के कारण शहर के कई मोहल्लों में कचरा उठाने वाली गाड़ियां नहीं पहुंचीं। एक भी वाहन वार्डों में नहीं जाने से सफाई कार्य पूरी तरह बाधित हो गया। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन में कामगार यूनियन के संगठन सचिव सनी कुमार सहित वाहन चालक राजीव गुप्ता, मोहम्मद सद्दाम और रोहित कुमार शामिल रहे।


चालकों का कहना है कि नियमित वेतन नहीं मिलने से मकान किराया, बच्चों की पढ़ाई, इलाज और परिवार के भरण-पोषण में गंभीर दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वाहन खराब होने पर क्षेत्रीय और मुख्य सफाई निरीक्षक अपने स्तर से मरम्मत कराने के लिए कहते हैं, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ता है।


वहीं, नगर निगम के अंचल अधिकारी ने दावा किया है कि वार्डों में उपलब्ध हाथगाड़ियों के माध्यम से कूड़ा उठाव जारी है। कचरे को निकटवर्ती कूड़ा प्वाइंट तक पहुंचाया जा रहा है, जहां से निजी कंपनी के वाहनों द्वारा उसका निस्तारण किया जा रहा है। हालांकि, हड़ताल जारी रहने से शहर की सफाई व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।