Patna Metro: पटना मेट्रो का लंबे समय से चल रहा इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड से जुड़ी ताज़ा जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त के बाद मेट्रो का ट्रायल रन शुरू होने की संभावना है।
पहले यह ट्रायल 15 अगस्त से शुरू होने वाला था, लेकिन कुछ आवश्यक कार्य पूरे न होने के कारण इसमें देरी हुई। अब अधिकारियों का कहना है कि डिपो से जुड़े अधिकतर कार्य पूरे कर लिए गए हैं, और मेट्रो को पटरी पर लाने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
PMRCL ने सितंबर 2025 के अंत तक पटना मेट्रो सेवा शुरू करने का लक्ष्य तय किया है। हालांकि, यह योजना ट्रायल रन की सफलता पर निर्भर करेगी। ट्रायल के दौरान सिग्नलिंग सिस्टम, स्पीड, ट्रैक की सुरक्षा और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी।
पहला ट्रायल रन मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी के बीच स्थित प्रायोरिटी कॉरिडोर पर होगा। इस कॉरिडोर में कुल पांच स्टेशन न्यू आईएसबीटी, मलाही पकड़ी, खेमनीचक, भूतनाथ रोड और बाईपास होंगे। पटना के कई हिस्सों में जाम एक बड़ी समस्या बन चुकी है। मेट्रो सेवा शुरू होने से लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, यात्रा में समय की बचत होगी और वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी। लोगों को अब बस ट्रायल रन की सफलता का इंतजार है।





