1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 01, 2026, 8:10:56 AM
- फ़ोटो
IPL 2026 : आईपीएल 2026 का सीजन बिहार के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास रहा। इस बार टूर्नामेंट में बिहार के कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, तेज गेंदबाज साकिब हुसैन, अनुभवी पेसर मुकेश कुमार और ऑलराउंडर अनुकूल राय ने अपने-अपने अंदाज में शानदार छाप छोड़ी।
सबसे ज्यादा चर्चा राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने जिस निडरता और आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी की, उसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। पूरे सीजन में वैभव विपक्षी गेंदबाजों पर हावी रहे और लगातार बड़े शॉट खेलते नजर आए। उन्होंने 237.31 की शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की।
वैभव का प्रदर्शन सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं रहा। फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित अवॉर्ड समारोह में उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, ऑरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन जैसे कई बड़े सम्मान मिले। एक ही सीजन में इतने व्यक्तिगत पुरस्कार जीतकर उन्होंने नया इतिहास रच दिया।
पुरस्कार ग्रहण करने के दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर रवि शास्त्री के साथ बातचीत में वैभव का आत्मविश्वास भी देखने को मिला। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से खुशी तो है, लेकिन इंटरव्यू देना अभी भी उनके लिए थोड़ा चुनौतीपूर्ण लगता है। मजाकिया अंदाज में उन्होंने यह भी कहा कि इन दिनों वह दूध नहीं पी रहे हैं। वहीं, सीजन से मिली सीख के बारे में उन्होंने कहा कि हर मैच की परिस्थितियां अलग होती हैं और उसी के अनुसार रणनीति बनानी पड़ती है।
दूसरी ओर, बिहार के अनुभवी तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने भी अपनी उपयोगिता साबित की। दिल्ली कैपिटल्स ने उन पर भरोसा जताते हुए बड़ी रकम खर्च की थी। हालांकि विकेटों के मामले में उनका प्रदर्शन बहुत चमकदार नहीं रहा, लेकिन उन्होंने टीम के लिए महत्वपूर्ण मौकों पर किफायती और अनुशासित गेंदबाजी की। 10 मैचों में उन्होंने छह विकेट हासिल किए और अपनी सटीक लाइन-लेंथ के कारण टीम प्रबंधन का भरोसा बनाए रखा।
इस सीजन का एक और बड़ा नाम साकिब हुसैन रहा। गोपालगंज के इस युवा तेज गेंदबाज ने पहली बार आईपीएल खेलते हुए शानदार प्रभाव छोड़ा। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए साकिब ने 11 मैचों में 15 विकेट लिए। उनकी धीमी गेंदों और विविधता ने कई अनुभवी बल्लेबाजों को परेशान किया।
साकिब का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 24 रन देकर चार विकेट रहा। खास बात यह रही कि उन्होंने लगातार 10 मैचों में कम से कम एक विकेट लेने का अनोखा रिकॉर्ड बनाया। अपने पहले ही आईपीएल सीजन में ऐसा कारनामा कर उन्होंने भविष्य के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर दी है।
वहीं समस्तीपुर के ऑलराउंडर अनुकूल राय ने भी कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए उपयोगी प्रदर्शन किया। उन्होंने 14 मुकाबलों में नौ विकेट लिए और कई मैचों में किफायती गेंदबाजी कर टीम को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। उनकी फुर्तीली फील्डिंग भी टीम के लिए फायदेमंद साबित हुई।
अनुकूल के शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें जल्द ही मिला। आईपीएल में निरंतर अच्छे खेल के दम पर उनका चयन जून 2026 में होने वाली श्रीलंका ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम में किया गया। यह उपलब्धि उनके करियर का बड़ा पड़ाव मानी जा रही है।
आईपीएल 2026 ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी, साकिब हुसैन की धारदार गेंदबाजी, मुकेश कुमार का अनुभव और अनुकूल राय का हरफनमौला प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट में बिहार के खिलाड़ियों की भूमिका और भी मजबूत होने वाली है।