Bihar Teacher Recruitment: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों की मांग है कि सरकार 15 सितंबर से पहले 1.20 लाख पदों पर बहाली का नोटिफिकेशन जारी करे। प्रदर्शन में करीब 3 हजार उम्मीदवार शामिल हुए, जिन्होंने कटौती की गई सीटों का विरोध किया।
प्रदर्शन की शुरुआत सुबह 11 बजे पटना कॉलेज से हुई, जो खेतान मार्केट, बाकरगंज, गांधी मैदान, जेपी गोलंबर, डाक बंगला चौराहा होते हुए मुख्यमंत्री आवास तक जाने की योजना के तहत किया गया। छात्रों का कहना है कि सरकार ने पहले दावा किया था कि चौथे चरण में 1.20 लाख पदों पर बहाली होगी। हालांकि, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने 5 सितंबर को बयान दिया था कि इस चरण में केवल 26 हजार से अधिक पदों पर ही भर्ती होगी।
इसी बदलाव को लेकर अभ्यर्थी नाराज़ हैं। छात्र नेता दिलीप ने आरोप लगाया कि जब तक डोमिसाइल लागू नहीं था, तब सरकार बड़ी संख्या में बहाली का दावा करती थी कभी 50 हजार, कभी 80 हजार और फिर 1.20 लाख पदों की बात की गई। लेकिन जैसे ही डोमिसाइल लागू हुआ, सीटें घटाकर 27,910 कर दी गईं।
उन्होंने कहा कि यह साफ संकेत है कि पहले बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों को ध्यान में रखकर संख्या बढ़ाई गई थी, लेकिन अब बिहार के युवाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है। दिलीप ने याद दिलाया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री खुद कई बार 1.20 लाख पदों पर बहाली का वादा कर चुके हैं, ऐसे में अब केवल 27 हजार पदों पर परीक्षा कराना युवाओं के साथ धोखा है।





