1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 03, 2026, 2:10:31 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के गया जिले में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है. डेल्हा थाना क्षेत्र के खरखुरा संगम चौक के पास हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोडेड पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार, डेल्हा थाना क्षेत्र के संगम चौक के पास दो पक्षों के बीच आपसी वर्चस्व को लेकर विवाद हो गया था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड फायरिंग होने लगी. गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सदर-2 धर्मेंद्र भारती के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. इसके बाद पूरी रात अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी धीरज उर्फ गब्बर को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड पिस्टल, 7.65 एमएम के तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका और उसके साथियों का दूसरे पक्ष से विवाद हुआ था, जिसके दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई थी. पुलिस के अनुसार धीरज उर्फ गब्बर करीब सात दिन पहले ही जेल से बाहर आया था. दोनों पक्षों के मुख्य आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.