Hindi News / bihar / patna-news / बिहार को एक और अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात, इस दिन से चलेगी...

बिहार को एक और अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात, इस दिन से चलेगी नई ट्रेन, रेल यात्रियों को बड़ी राहत

Amrit Bharat Express: बिहार और पुणे के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत। पूर्व मध्य रेल 27 जून से दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 23, 2026, 2:18:39 PM

Amrit Bharat Express

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Amrit Bharat Express: बिहार से महाराष्ट्र के पुणे जाने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेल ने दानापुर और पुणे के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस ट्रेन का नियमित परिचालन 27 जून से शुरू होगा।


पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सरस्वती चंद्र ने सोमवार को बताया कि नई अमृत भारत एक्सप्रेस साप्ताहिक आधार पर संचालित की जाएगी। ट्रेन के शुरू होने से नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यापारियों को काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही, सीटों की कमी और लंबी वेटिंग की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।


रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 11431 पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को दोपहर 3:25 बजे पुणे से रवाना होगी और सोमवार रात 1:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 11432 दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार सुबह 3:30 बजे दानापुर से खुलेगी और मंगलवार सुबह 11:05 बजे पुणे पहुंचेगी।


यह ट्रेन दानापुर से चलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, इटारसी और भुसावल होते हुए पुणे तक जाएगी। रेलवे का कहना है कि इस नई सेवा से दोनों राज्यों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।


यात्रियों की सुरक्षा और आराम को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में कुल 18 आधुनिक कोच लगाए गए हैं। इनमें 8 स्लीपर कोच, 7 जनरल कोच, 1 पैंट्रीकार तथा 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, पुश-पुल तकनीक से संचालित इस ट्रेन में बेहतर वेंटिलेशन, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और बायो-टॉयलेट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


रेलवे अधिकारियों का मानना है कि दानापुर-पुणे रूट पर नई अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से यात्रियों को कम किराए में सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।