Hindi News / bihar / patna-news / BSRTC App: अब बस स्टैंड पर नहीं करना होगा इंतजार, मोबाइल बताएगा आपकी...

BSRTC App: अब बस स्टैंड पर नहीं करना होगा इंतजार, मोबाइल बताएगा आपकी बस कहां है; BSRTC लॉन्च करेगा नया ऐप

बस स्टैंड पर घंटों इंतजार अब खत्म! BSRTC 15 अगस्त को लॉन्च करने जा रहा है 'Where Is My Bus' ऐप। अब मोबाइल पर मिलेगी बस की लाइव लोकेशन, टिकट बुकिंग और किराए की पूरी जानकारी।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 26, 2026, 9:11:33 AM

BSRTC App: अब बस स्टैंड पर नहीं करना होगा इंतजार, मोबाइल बताएगा आपकी बस कहां है; BSRTC लॉन्च करेगा नया ऐप

- फ़ोटो

BSRTC App: बिहार में सरकारी बसों से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) जल्द ही यात्रियों को एक ऐसी डिजिटल सुविधा देने जा रहा है, जिससे बस स्टैंड पर घंटों इंतजार करने की परेशानी खत्म हो सकती है। निगम आगामी 15 अगस्त को ‘Where Is My Bus’ नाम से एक नया मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है।


इस ऐप के शुरू होने के बाद यात्री अपने मोबाइल फोन पर ही बस की लाइव लोकेशन, आने का समय, रूट, किराया और स्टॉपेज की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे लोगों को बसों की स्थिति जानने के लिए बार-बार पूछताछ केंद्र या बस डिपो जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।


मोबाइल पर मिलेगी बस की हर जानकारी

बीएसआरटीसी का यह ऐप यात्रियों को रियल टाइम ट्रैकिंग की सुविधा देगा। यात्री यह देख सकेंगे कि उनकी बस फिलहाल किस स्थान पर है और वह निर्धारित बस स्टॉप तक कितनी देर में पहुंचेगी। इसके साथ ही बस का पूरा रूट, सभी स्टॉपेज और किराए की जानकारी भी ऐप पर उपलब्ध रहेगी। अभी तक यात्रियों को बसों की जानकारी के लिए बस स्टैंड पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रा की योजना बनाना काफी आसान हो जाएगा।


ऑनलाइन टिकट बुकिंग की भी सुविधा

नए ऐप की एक बड़ी खासियत ऑनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा होगी। यात्री घर बैठे 24 घंटे किसी भी समय अपनी सीट बुक कर सकेंगे। डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलने से टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी।


यह सुविधा खासतौर पर बिहार से बाहर रहने वाले प्रवासी लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है। छठ, दीपावली, होली और दुर्गापूजा जैसे त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग बिहार लौटते हैं। ऐसे में वे पहले से टिकट बुक कर अपनी यात्रा सुनिश्चित कर सकेंगे।


जाम और अव्यवस्था पर भी लगेगी रोक

परिवहन निगम इस ऐप के माध्यम से बस संचालन व्यवस्था को भी बेहतर बनाना चाहता है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई शहरों में बसों के कहीं भी रुकने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।रिपोर्ट के अनुसार, निगम प्रमुख बस स्टॉप और पड़ावों को चिन्हित करेगा। बस चालकों को केवल निर्धारित स्टॉपेज पर ही बस रोकने के निर्देश दिए जाएंगे। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है।


जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

ऐप के संचालन और तकनीकी प्रबंधन के लिए परिवहन निगम जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इसके तहत एक अनुभवी एजेंसी का चयन किया जाएगा, जो ऐप के संचालन, निगरानी और तकनीकी सहायता का कार्य संभालेगी।निगम का मानना है कि डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से बस सेवाओं को अधिक पारदर्शी और यात्रियों के अनुकूल बनाया जा सकेगा।


यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा

‘Where Is My Bus’ ऐप के जरिए यात्रियों को कई सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। इसमें बस की लाइव लोकेशन, अनुमानित आगमन समय, ऑनलाइन टिकट बुकिंग, डिजिटल भुगतान, बस स्टॉप की जानकारी और आधिकारिक किराया सूची जैसी सेवाएं शामिल रहेंगी। अगर यह योजना सफल रहती है तो बिहार की सरकारी बस सेवा में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और यात्रियों का सफर पहले से अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बन सकेगा।