1st Bihar Published by: First Bihar Updated Aug 19, 2025, 10:37:43 PM
DGP ने सभी जिलों को भेजा निर्देश - फ़ोटो SOCIAL MEDIA
PATNA: बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने प्रदेश भर के पुलिस अधिकारियों को एक नया निर्देश जारी करते हुए आम नागरिकों और मीडियाकर्मियों द्वारा पुलिस अधिकारियों के साथ सेल्फी लेने पर रोक लगा दी है। यह फैसला पुलिस अधिकारियों के साथ खिंचवाई गई सेल्फियों के गलत इस्तेमाल की बढ़ती शिकायतों के चलते लिया गया है।
डीजीपी के निर्देशानुसार अब किसी भी परिस्थिति में पुलिस अधिकारी सेल्फी की अनुमति नहीं देंगे, चाहे वह शिष्टाचार मुलाकात ही क्यों न हो। यदि कोई पुलिसकर्मी इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय को ऐसी शिकायतें मिली थीं कि कुछ लोग वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ ली गई सेल्फी का दुरुपयोग कर रहे हैं। वे इस तस्वीर का हवाला देकर अन्य पुलिसकर्मियों पर अनुचित दबाव बनाने की कोशिश करते हैं, जिससे पद और संपर्क का गलत इस्तेमाल होता है।
डीजीपी ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है कि कोई भी अधिकारी अपने कार्यालय या फील्ड में सेल्फी की अनुमति न दें। इसके साथ ही ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
इससे पहले भी पुलिस विभाग की छवि को लेकर एक और आदेश जारी किया गया था। एडीजी (कानून-व्यवस्था) पंकज दराद ने कहा था कि कुछ महिला पुलिसकर्मियों की सोशल मीडिया पर रील्स वायरल हुई थीं, जिसमें वे ड्यूटी के दौरान मेकअप, गहनों और हथियारों के साथ वीडियो बना रही थीं। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की बात कही गई थी।