Hindi News / bihar / patna-news / Bihar News : बिहार में बसेंगे 12 नए हाईटेक शहर! HUDCO के साथ...

Bihar News : बिहार में बसेंगे 12 नए हाईटेक शहर! HUDCO के साथ 1 लाख करोड़ की डील, लाखों रोजगार का दावा

बिहार सरकार और HUDCO के बीच 1 लाख करोड़ रुपये के वित्तपोषण पर बड़ा समझौता। 12 आधुनिक सैटेलाइट टाउनशिप, लाखों रोजगार और विश्वस्तरीय शहरी सुविधाओं का रास्ता साफ।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 03, 2026, 12:39:43 PM

Bihar News : बिहार में बसेंगे 12 नए हाईटेक शहर! HUDCO के साथ 1 लाख करोड़ की डील, लाखों रोजगार का दावा

- फ़ोटो

Bihar News : बिहार सरकार ने राज्य के शहरी विकास को नई दिशा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण को लेकर महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जिन्हें आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय शहरी ढांचे से लैस किया जाएगा।


लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में समझौता पत्र का आदान-प्रदान किया।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। राज्य में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक, सुव्यवस्थित और योजनाबद्ध सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जहां लोगों को बेहतर आवास, गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।


उन्होंने बताया कि इन टाउनशिप का विकास लगभग 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में किया जाएगा। परियोजना में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लैंड पुलिंग मॉडल अपनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जो किसान मुआवजे के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि HUDCO के माध्यम से राज्य सरकार 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जबकि इस परियोजना के जरिए निजी और संस्थागत क्षेत्र से करीब 6 लाख करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश को आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे बिहार में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्यों को गति मिलेगी और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे।


सरकार के अनुसार प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में आधुनिक सड़क नेटवर्क, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज सिस्टम, निर्बाध बिजली, हरित क्षेत्र, शिक्षा संस्थान, अस्पताल, व्यावसायिक परिसर और अन्य सभी आवश्यक शहरी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इन टाउनशिप को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्मार्ट और टिकाऊ शहरों के रूप में विकसित करने की योजना है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। HUDCO के साथ हुआ यह समझौता राज्य को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ शहरीकरण के 35 प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।


उन्होंने HUDCO का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि भविष्य में भी संस्था बिहार के विकास कार्यों में सहयोग देती रहेगी। साथ ही नगर विकास एवं आवास विभाग तथा HUDCO की टीम को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई भी दी।कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री का हरित पौधा, अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।


इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास सह सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा HUDCO के कई उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे।


सरकार का मानना है कि यह परियोजना केवल नए शहर बसाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बिहार में आर्थिक गतिविधियों, निवेश, आधारभूत संरचना और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देकर राज्य के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला साबित होगी।