1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 22, 2026, 1:46:39 PM
Bank Holiday - फ़ोटो ai photo
Bank Holiday : अगर आप आने वाले दिनों में बैंक शाखा जाकर नकदी जमा करने, चेक क्लियर कराने, डिमांड ड्राफ्ट बनवाने या किसी अन्य जरूरी बैंकिंग काम की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जून के अंतिम सप्ताह में कई राज्यों में बैंक लगातार तीन दिन तक बंद रह सकते हैं। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने जरूरी काम समय रहते निपटा लें।
दरअसल, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अवकाश कैलेंडर के अनुसार जून के आखिरी सप्ताह में त्योहार और साप्ताहिक अवकाश के कारण कई स्थानों पर बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, यह छुट्टियां सभी राज्यों में एक समान लागू नहीं होंगी।
22 जून से 25 जून तक देशभर के सरकारी और निजी बैंक नियमित रूप से काम करेंगे। इन दिनों बैंक शाखाओं में सामान्य बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। ग्राहक नकदी जमा, निकासी, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट और अन्य कार्य आसानी से कर सकेंगे।
26 जून को मुहर्रम के अवसर पर कई राज्यों और शहरों में बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, यह अवकाश सभी राज्यों में लागू नहीं होगा। ऐसे में ग्राहकों को अपने शहर की बैंक अवकाश सूची की जांच अवश्य कर लेनी चाहिए। इसके बाद 27 जून को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण देशभर के सभी सरकारी और निजी बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 28 जून को रविवार होने की वजह से साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इस तरह जिन राज्यों में 26 जून को मुहर्रम की छुट्टी लागू होगी, वहां लगातार तीन दिन तक बैंक शाखाएं बंद रह सकती हैं।
जुलाई महीने में भी विभिन्न राज्यों में स्थानीय त्योहारों और क्षेत्रीय आयोजनों के कारण बैंकों में छुट्टियां रहेंगी। आरबीआई के कैलेंडर के मुताबिक 6 जुलाई को मिजोरम की राजधानी आइजाल में एमएचआईपी दिवस के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा 9 जुलाई को शिलांग में बैंक अवकाश रहेगा। वहीं 16 जुलाई को रथ यात्रा, कांग और हरेला जैसे स्थानीय पर्वों के चलते भुवनेश्वर, देहरादून और इंफाल में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। 17 जुलाई को शिलांग में एक बार फिर बैंक बंद रहेंगे, जबकि 22 जुलाई को खर्ची पूजा के अवसर पर अगरतला में बैंक अवकाश रहेगा। हालांकि, दूसरे और चौथे शनिवार तथा रविवार को छोड़कर जुलाई में ऐसी कोई छुट्टी नहीं है, जिसके कारण पूरे देश के बैंक एक साथ बंद रहें।
बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। ग्राहक गूगल पे, फोन पे, पेटीएम और अन्य यूपीआई प्लेटफॉर्म के जरिए आसानी से पैसे भेज और प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा एटीएम से नकदी निकासी और कई स्थानों पर कैश डिपॉजिट की सुविधा भी मिलती रहेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि जिन लोगों को चेक जमा करना, ड्राफ्ट बनवाना, लोन संबंधी कार्य या शाखा स्तर के अन्य जरूरी काम निपटाने हैं, उन्हें छुट्टियों से पहले ही बैंक पहुंचकर अपना काम पूरा कर लेना चाहिए।