Patna Airport: राजधानी पटना के एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुक्रवार रात हड़कंप मच गया, जब दिनांक 11 जुलाई 2025 को रात 21:09 बजे एयरपोर्ट डायरेक्टर के ईमेल आईडी पर pk_nawas@outlook.com से एक संदिग्ध बम धमकी वाला मेल प्राप्त हुआ। यह मेल रात 21:50 बजे अधिकारियों की नजर में आया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सतर्क कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बम धमकी मूल्यांकन समिति (BTAC) की आपातकालीन बैठक उसी रात 22:05 बजे पटना हवाई अड्डे के प्रशासनिक भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बुलाई गई। बैठक में संबंधित एजेंसियों, CISF, एयरपोर्ट प्रबंधन और खुफिया विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। समिति द्वारा मेल की विस्तृत जांच के बाद रात 11:00 बजे इसे "गैर-विशिष्ट" (Non-Specific) धमकी करार दिया गया, यानी यह धमकी स्पष्ट, सटीक और विश्वसनीय नहीं मानी गई।
इसके बावजूद, एहतियात के तौर पर हवाई अड्डे के परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रवेश बिंदुओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है, अतिरिक्त बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की तैनाती की गई है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने सभी संबंधित हितधारकों को आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा सतर्क रहने की सूचना जारी की है। फिलहाल इस मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल और खुफिया एजेंसियों द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट- प्रेम राज



