Bihar News: बिहार के आरा-छपरा फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, कोईलवर थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार के पास एक बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया।
हादसे में संदेश थाना क्षेत्र के अखगांव गांव निवासी 22 वर्षीय संजू कुमार की मौत हो गई। वह पटना के फुलवारी स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। घटना के बाद गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
वहीं, उसके दोस्त विकास कुमार (28 वर्ष), जो सारण (छपरा) जिला के अवतार नगर थाना क्षेत्र के नगरांव टोला का निवासी है, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कोईलवर पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक समेत कई अन्य वाहनों के शीशे तोड़ दिए और कुछ देर तक हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

