Hindi News / bihar / pashchim-champaran-news / आंधी में नाव से गिरकर गंडक नदी में डूबा युवक, सर्च ऑपरेशन में...

आंधी में नाव से गिरकर गंडक नदी में डूबा युवक, सर्च ऑपरेशन में जुटी SDRF की टीम

बिहार के नौतन थाना क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान नाव से गिरकर 23 वर्षीय युवक गंडक नदी में लापता हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और SDRF की टीम युवक की तलाश में सर्च अभियान चला रही है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 06, 2026, 8:50:51 PM

बिहार न्यूज

परिजनों में मचा कोहराम - फ़ोटो रिपोर्टर

BETTIAH: पश्चिम चंपारण के नौतन थाना क्षेत्र के शिवराजपुर स्थित गंडक नदी में तेज आंधी के दौरान नाव से गिरकर एक युवक लापता हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची नौतन पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को खोजबीन शुरू की लेकिन अभी तक कुछ अता-पता नहीं चल पाया है। 


मिली जानकारी के अनुसार, डूबे युवक की पहचान बैरा परसौनी गांव निवासी शैलेन्द्र चौधरी के 23 वर्षीय पुत्र साजन लाल चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। लापता युवक के भाई श्रीराम चौधरी ने बताया कि गंडक नदी के पार दियारा क्षेत्र में उनकी खेती-बाड़ी है। साजन शुक्रवार को कृषि कार्य से दियारा गया था और रात करीब 10 बजे नाव से घर लौट रहा था। 


इसी दौरान अचानक तेज आंधी आ गई। आंधी के कारण नाव पर उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिरकर डूब गया। नाव पर अन्य लोग भी सवार थे, जिन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा और तेज हवा के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम के साथ नदी में सर्च अभियान शुरू कराया। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है। एसडीआरएफ की टीम गंडक नदी में सघन खोज अभियान चला रही है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।