DESK: पश्चिम चंपारण के चनपटिया थाना क्षेत्र के महुआवा गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गिरफ्तारी के दौरान स्थिति अचानक बेकाबू हो गई और ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घंटों तक घेरकर रोक लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस भीखम महतो के पुत्र संजय कुमार कुशवाहा को गिरफ्तार कर अपने साथ ले जा रही थी। इसी दौरान परिजनों ने विरोध जताते हुए पुलिस वाहन को रोकने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संजय की मां पनमती कुंवर अपने बेटे को छुड़ाने के लिए पुलिस गाड़ी के सामने आ गईं, जिससे वह वाहन से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
महिला के घायल होते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंची दूसरी पुलिस गाड़ी को भी रोक लिया और उसे बंधक बना लिया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है।





