Hindi News / bihar / pashchim-champaran-news / बेतिया में दिल को दहला देने वाली घटना: पत्नी और 3 बच्चों को...

बेतिया में दिल को दहला देने वाली घटना: पत्नी और 3 बच्चों को पति ने नहर में फेंका, तीनों मासूम की हुई दर्दनाक मौत

पश्चिम चंपारण के बेतिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति पर पत्नी और तीन बच्चों को नहर में फेंकने का आरोप है। घटना में तीनों मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी किसी तरह बच निकली।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 23, 2026, 8:10:53 PM

बिहार न्यूज

जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो AI PHOTO

BETTIAH: पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया प्रखंड अंतर्गत लोहियरिया पंचायत के भंगहा वार्ड संख्या-4 में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक पति अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंक दिया । इस दर्दनाक घटना में तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि पत्नी किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रही।


मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर रामबाबू यादव और उसकी पत्नी ललिता देवी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद रामबाबू अपनी पत्नी और तीनों बच्चों को घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तिरहुत नहर की सुगौली शाखा के पास ले गया। सुनसान स्थान पर उसने पहले पत्नी को नहर में धक्का दे दिया और बाद में एक-एक कर तीनों बच्चों को भी नहर में फेंक दिया।


बताया जाता है कि नहर में चार से पांच फीट पानी होने के बावजूद ललिता देवी ने साहस दिखाते हुए किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और सीधे मायके पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। हालांकि तीनों मासूम बच्चे पानी से बाहर नहीं निकल सके।


घटना की सूचना मिलते ही कुमारबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में खोजबीन शुरू की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए। मृतकों में छह वर्षीय बच्ची, चार वर्षीय पुत्र तथा पांच माह की एक बच्ची शामिल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई सुदामा यादव ने आरोप लगाया कि ललिता देवी मायके जाने की बात कह रही थी, तभी रामबाबू उसे और बच्चों को जबरन अपने साथ ले गया और घटना को अंजाम दिया।


स्थानीय लोगों के अनुसार पांच माह पूर्व ललिता देवी ने एक बेटी को जन्म दिया था। आरोप है कि रामबाबू पुत्र की चाहत रखता था और इसी बात को लेकर अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। मंगलवार सुबह भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद हुआ था।


सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी रामबाबू यादव घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। तीन मासूम बच्चों की एक साथ मौत से हर कोई स्तब्ध हैं।

बेतिया से संतोष की रिपोर्ट