1st Bihar Published by: SONU KUMAR Updated Jun 21, 2026, 4:50:15 PM
अस्पताल में हंगामा - फ़ोटो Reporter
Bihar News: बिहार के नवादा सदर अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण दो युवकों की मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधक कुमार आदित्य की पिटाई भी की, जिससे स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं।
यह घटना सुपौल गांव के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार मोहम्मद कैफ और मोहम्मद अतीफ को कुचल दिया। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। परिवार के सदस्यों का आरोप है कि अस्पताल लाते समय युवक जिंदा थे, लेकिन वहां लगभग दो घंटे तक कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं था।
परिजनों का कहना है कि इलाज न मिलने के कारण दोनों की मौत हो गई। युवकों की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने सदर अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और अस्पताल प्रबंधक कुमार आदित्य को घेरकर उनकी पिटाई कर दी। प्रबंधक कुमार आदित्य ने बाद में बताया कि डॉक्टर मुकेश कुमार दूसरे वार्ड में गए थे और आ रहे थे, लेकिन विवाद इतनी तेजी से बढ़ा कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
बता दें कि नवादा सदर अस्पताल में डॉक्टरों की नियमित अनुपस्थिति, स्टाफ की कमी और बुनियादी सुविधाओं का अभाव एक आम समस्या है। स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहले भी इसकी शिकायतें सुनते रहे हैं। इस घटना ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की कमियों को उजागर किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।
नवादा से सोनू कुमार की रिपोर्ट..