Hindi News / bihar / nalanda / बिहार में मानवता शर्मसार: अस्पताल के बाथरूम में टॉयलेट सीट पर मिला 2...

बिहार में मानवता शर्मसार: अस्पताल के बाथरूम में टॉयलेट सीट पर मिला 2 दिन की नवजात का शव, CCTV खंगाल रही पुलिस

Bihar News: नालंदा के पावापुरी मेडिकल कॉलेज में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां बाथरूम की सीट पर दो दिन की नवजात बच्ची का शव मिला. CCTV फुटेज खंगालकर मामले की जांच में जुटी पुलिस

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 21, 2026, 1:35:52 PM

बिहार में मानवता शर्मसार: अस्पताल के बाथरूम में टॉयलेट सीट पर मिला 2 दिन की नवजात का शव, CCTV खंगाल रही पुलिस

- फ़ोटो

Bihar News: नालंदा जिले के पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. अस्पताल परिसर के बाथरूम में महज दो दिन की नवजात बच्ची का शव मिलने से पूरे परिसर में सनसनी फैल गई. घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई है.


जानकारी के अनुसार, अस्पताल के बाथरूम में नवजात बच्ची का शव संदिग्ध हालात में मिला. आरोप है कि बच्ची को बाथरूम की सीट पर फेंक दिया गया था और उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान भी पाए गए. इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है.


घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई. डॉक्टरों और स्टाफ ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पावापुरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी.


अस्पताल प्रशासन ने पूरे परिसर के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को बाथरूम तक कौन लेकर गया और किसने इस अमानवीय घटना को अंजाम दिया.


पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि नवजात का जन्म हाल ही में अस्पताल में ही हुआ हो सकता है. ऐसे में अस्पताल में भर्ती किसी महिला या उसके परिजनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.


इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं. आखिर कैसे एक नवजात को इस तरह बाथरूम तक पहुंचाकर फेंक दिया गया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी.


पावापुरी थाना प्रभारी भावना कुमारी ने बताया कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा. वहीं अस्पताल अधीक्षक डॉ. जकी जमाल ने इसे बेहद निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.