1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 14, 2026, 10:17:30 PM
कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा - फ़ोटो रिपोर्टर
MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत हरिशंकर मनियारी पंचायत के वार्ड संख्या-04 में स्थित 11 हजार वोल्ट क्षमता वाला बिजली का रेल पोल जर्जर होकर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। सिलौत भीमल और सिलौत बैजनाथ के बीच चौर क्षेत्र में स्थित यह पोल काफी नीचे झुक चुका है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बिजली पोल के ठीक नीचे लगभग 15 से 20 फीट गहरा पोखर और गड्ढा होने के कारण इसकी नींव कमजोर हो गई है। परिणामस्वरूप पोल एक ओर झुक गया है और उसकी स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। हरिशंकर मनियारी पंचायत निवासी मुकेश कुमार उर्फ नन्हे नेता ने बताया कि यह बिजली पोल कई महीनों से झुका हुआ है।
इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पोल के आसपास गांव के बच्चे क्रिकेट खेलते हैं तथा ग्रामीण अपने मवेशियों और बकरियों को चराने के लिए यहां आते-जाते हैं। इसके अलावा आसपास खेती-बाड़ी का कार्य भी होता है। ऐसे में यदि पोल गिरता है तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से अविलंब पोल की मरम्मत कराने अथवा उसे बदलने की मांग की है ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। वहीं इस संबंध में मार्कन फिटर के विद्युत विभाग के एसडीओ अरविंद कुमार ने फोन पर बताया कि मामले की सूचना प्राप्त हुई है। विभाग द्वारा स्थल का निरीक्षण कर समस्या का समाधान जल्द कराया जाएगा।