Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / Bihar Liquor Ban : बिहार में शराबबंदी के बीच होटल में चल रही...

Bihar Liquor Ban : बिहार में शराबबंदी के बीच होटल में चल रही थी शराब पार्टी, 10 हिरासत में; एक कमरे में मिले युवक-युवती

मुजफ्फरपुर में देर रात होटल पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। शराब पार्टी करते 10 लोग गिरफ्तार, कमरे में युवक-युवती भी मिले साथ। बिहार में शराबबंदी पर फिर उठे सवाल।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 20, 2026, 10:41:00 AM

Bihar Liquor Ban : बिहार में शराबबंदी के बीच होटल में चल रही थी शराब पार्टी, 10 हिरासत में;  एक कमरे में मिले युवक-युवती

- फ़ोटो

Bihar Liquor Ban : बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद मुजफ्फरपुर में देर रात एक होटल में चल रही शराब पार्टी का खुलासा होने से हड़कंप मच गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शहरभर में चलाए जा रहे विशेष सर्च अभियान के दौरान काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के अघोरिया बाजार स्थित एक होटल में पुलिस ने छापेमारी कर 10 लोगों को हिरासत में लिया। इनमें नौ युवक और एक युवती शामिल हैं। मौके से शराब की कई बोतलें भी बरामद की गई हैं।


जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11 बजे काजी मोहम्मदपुर थानाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में अचानक रेड की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल में शराब पार्टी चल रही है। इसके बाद टीम ने होटल के अलग-अलग कमरों की तलाशी शुरू की। जांच के दौरान कई कमरों में युवक शराब पीते और पार्टी करते मिले। पुलिस ने तुरंत सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।


छापेमारी के दौरान होटल के एक कमरे से पटना की रहने वाली एक युवती और लालगंज क्षेत्र का एक युवक भी साथ में मिले। पूछताछ में दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया, लेकिन पुलिस उनके दावों की सत्यता जांचने में जुटी है। दोनों के पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों होटल में किस उद्देश्य से ठहरे थे।


इसके अलावा होटल के अन्य कमरों से बेतिया समेत कई जिलों के युवक पकड़े गए हैं। कुछ युवक मुजफ्फरपुर के भी बताए जा रहे हैं। पुलिस सभी से अलग-अलग पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि शराब होटल तक कैसे पहुंची और पार्टी की योजना किसने बनाई थी।


कार्रवाई के दौरान होटल के मैनेजर को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि होटल में खुलेआम शराब पार्टी कैसे चल रही थी और होटल प्रबंधन को इसकी जानकारी थी या नहीं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं होटल प्रबंधन की मिलीभगत से अवैध गतिविधियां तो नहीं चलाई जा रही थीं।


सूत्रों की मानें तो जिस होटल में पुलिस ने कार्रवाई की है, वह पहले भी विवादों में रह चुका है। कुछ समय पहले इस होटल पर कथित सेक्स रैकेट संचालन के आरोप लगे थे, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया था। अब एक बार फिर होटल में शराब पार्टी मिलने के बाद पुलिस पुराने मामलों को भी खंगाल रही है।


इधर एसएसपी के निर्देश पर शहर के मिठनपुरा, बेला, नगर, ब्रह्मपुरा, कच्ची-पक्की, सदर और सिकंदरपुर थाना क्षेत्रों के कई होटलों और लॉजों में भी देर रात तक जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की सघन कार्रवाई जारी रहेगी।


मामले को लेकर मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस लगातार अपराध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में शहर के विभिन्न होटलों में सर्च ऑपरेशन किया गया था, जिसमें काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के एक होटल से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके से शराब भी बरामद हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।