1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 10, 2026, 9:30:41 AM
- फ़ोटो
Bihar News : मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश एक बार फिर हिंसक रूप ले बैठी। कोठिया इलाके में बदमाशों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी, जिसमें गोली उसके पैर में जा लगी। गोली लगने के बाद घायल युवक सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घायल की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र के प्रसाद गांव निवासी मोहम्मद आलम के 20 वर्षीय पुत्र अफरोज के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर सामने आया है कि यह घटना पुरानी आपसी रंजिश और पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद का परिणाम है। जांच के दौरान जुनैद और उसके साथियों का नाम सामने आया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है और मारपीट तथा चाकूबाजी की घटनाएं भी सामने आई थीं।
घायल अफरोज ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गांव के ही एक युवक से वर्ष 2024 से उसका विवाद चल रहा है। इसी मामले में पहले मारपीट हुई थी और उसे जेल भी जाना पड़ा था। जेल से बाहर आने के बाद उसने मन्नत पूरी करने के लिए मजार पर चादरपोशी करने का फैसला किया था।
अफरोज के अनुसार, वह मजार पर चादर चढ़ाकर लौट रहा था। अगले दिन उसे काम के सिलसिले में बाहर जाना था। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उसे रोक लिया। पहले दोनों ने उससे कहासुनी की और फिर अचानक फायरिंग कर दी। गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
मामले को लेकर पश्चिमी मुजफ्फरपुर की डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश और पुराने पैसों के लेनदेन से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है, जिसमें घायल युवक जेल जा चुका था। इसी पुरानी दुश्मनी के कारण गोलीबारी की घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
डीएसपी ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।