Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / बिहार में हैवानियत की हदें पार: महज 2 हजार रुपये के विवाद में...

बिहार में हैवानियत की हदें पार: महज 2 हजार रुपये के विवाद में चचेरे भाई की पीट-पीटकर हत्या, 4 साल पहले हुई थी शादी

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर में महज 2 हजार रुपये के विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि एक ही परिवार में रिश्तों का खून हो गया। मामूली कहासुनी के बाद हुई घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है। आखिर कैसे पैसों का विवाद हत्या तक पहुंच गया और पुलिस ने क्या क

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 17, 2026, 11:06:15 AM

बिहार में हैवानियत की हदें पार: महज 2 हजार रुपये के विवाद में चचेरे भाई की पीट-पीटकर हत्या, 4 साल पहले हुई थी शादी

- फ़ोटो

Bihar Crime News: क्या आज एक इंसान की जान की कीमत सिर्फ 2 हजार रुपये रह गई है? सुनने में यह सवाल भले ही हैरान कर दे, लेकिन मुजफ्फरपुर से सामने आई घटना ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है. महज दो हजार रुपये के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक चचेरे भाई ने दूसरे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी. 


घटना मुजफ्फरपुर जिले के रहीमपुर रक्सा गांव की है. मृतक की पहचान 32 वर्षीय संजय पासवान के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह संजय अपने चचेरे भाई सीताराम पासवान उर्फ राजा के साथ गांव के चौर में मछली पकड़ने गया था. इसी दौरान सीताराम ने संजय से 2 हजार रुपये मांगे. संजय द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.


देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि सीताराम ने संजय की बेरहमी से पिटाई कर दी. गंभीर चोट लगने के कारण संजय की मौके पर ही मौत हो गई. मामूली रकम को लेकर हुई इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है.


हत्या के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सीताराम पासवान उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है.


बताया जा रहा है कि संजय पासवान की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी. उसकी कोई संतान नहीं थी और वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उसकी मौत के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं.


थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है.


वहीं एसडीपीओ मनोज कुमार ने कहा कि भाई द्वारा भाई की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में दो हजार रुपये के विवाद की पुष्टि हुई है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है.