1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Jun 20, 2026, 1:13:34 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र से रहस्यमय तरीके से लापता हुए कंपोनेंट कारोबारी मनोज भगत और उनकी पत्नी मीनू देवी का करीब एक महीने बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब दोनों के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। यह आदेश एसएसपी कंटेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुरा थाना से लगभग 200 मीटर दूरी पर स्थित भगत मार्केट से यह दंपती अचानक लापता हो गए थे। घटना के बाद जब परिजन उनके कमरे में पहुंचे तो वहां खून के धब्बे और छत पर भी खून के निशान मिले, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने कमरे से खून के नमूने एकत्र किए। इसके अलावा स्निफर डॉग की मदद भी ली गई, जो घर के पीछे करीब 500 मीटर तक जाकर रुक गया, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया।
जांच के दौरान टाउन-2 की डीएसपी विनीता सिन्हा भी मौके पर पहुंची थीं। वहीं लापता कारोबारी की बेटी शेफाली ने अपने चाचा पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने कई एंगल से जांच तेज कर दी है।
हालांकि एक महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है। अब पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और यह भी कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
शहर के बीचोंबीच हुई इस रहस्यमय गुमशुदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर यह दंपती कहां गए और उनके साथ क्या हुआ, इसका जवाब अभी भी जांच के दायरे में है।