1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated May 30, 2026, 10:46:43 PM
सांसद की मौजूदगी में हुआ हंगामा - फ़ोटो रिपोर्टर
MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर के कपरपुरा रेलवे गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण और बंद रेल फाटक चालू कराने के श्रेय को लेकर जदयू विधायक अजीत कुमार और लोजपा जिलाध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सांसद वीणा देवी की मौजूदगी में हुआ यह विवाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मुजफ्फरपुर जिले के कांटी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कपरपुरा रेलवे गुमटी पर ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए बंद किए गए रेलवे फाटक को चालू कराने के श्रेय को लेकर राजनीतिक पारा गरमा गया है। कपरपुरा रेलवे गुमटी पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान श्रेय लेने की होड़ में कांटी से जदयू विधायक सह पूर्व मंत्री अजीत कुमार और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष आपस में उलझ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिससे वहां मौजूद आम लोग और प्रशासनिक अधिकारी सख्ते में आ गए।
इस हाई-प्रोफाइल विवाद के दौरान मंच और आस-पास वैशाली लोकसभा क्षेत्र से लोजपा सांसद वीणा देवी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सह कांटी प्रखंड प्रमुख कृपा शंकर शाही सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत शांतिपूर्ण ढंग से हुई थी, लेकिन जैसे ही रेलवे गुमटी की समस्या के समाधान और ओवरब्रिज निर्माण की मंजूरी का श्रेय देने की बात आई, दोनों दलों के नेता अपनी-अपनी पार्टी और नेतृत्व का दावा ठोकने लगे।
जदयू विधायक अजीत कुमार के समर्थकों का कहना था कि क्षेत्र की इस मुख्य समस्या को लेकर उन्होंने लगातार विधानसभा से लेकर सरकार के स्तर पर प्रयास किए हैं। वहीं, लोजपा जिलाध्यक्ष और उनके समर्थकों ने दावा किया कि वैशाली सांसद वीणा देवी के केंद्रीय प्रयासों और लोजपा की सक्रियता के कारण ही इस परियोजना को अमलीजामा पहनाया जा सका है। इसी बात को लेकर दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख कृपा शंकर शाही और सांसद वीणा देवी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। नेताओं ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया और कहा कि यह विकास कार्य जनता के हित के लिए है, इसलिए इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। स्थानीय नागरिकों ने भी इस हंगामे पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि वर्षों से जाम की समस्या झेल रहे कपरपुरा के निवासियों के लिए ओवरब्रिज का बनना सबसे जरूरी है, न कि नेताओं के बीच का क्रेडिट वॉर। हंगामे के कारण कार्यक्रम में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने जिले की राजनीतिक सरगर्मी को और बढ़ा दिया है।