1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 28, 2026, 10:28:27 AM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई रंजीत कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया है कि DJ पर भोजपुरी गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया और एक युवक की जान चली गई.
पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे खेसारी लाल यादव और पवन सिंह के गाने को लेकर हुआ विवाद मुख्य वजह बनी. शादी समारोह में मौजूद दो पक्ष अपनी-अपनी पसंद का गाना बजाने की मांग कर रहे थे. इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
मामला करजा थाना क्षेत्र का है, जहां 25 जून की सुबह एक शादी समारोह में रिश्ते के मामा की भांजी की शादी में शामिल होने आए रंजीत कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मृतक मुशहरी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे.
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि घटना से पहले मृतक और मुख्य आरोपी ने साथ बैठकर शराब भी पी थी. इसके बाद DJ पर गाना बजाने को लेकर विवाद बढ़ा. आरोप है कि DJ संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर रंजीत कुमार पर हमला कर दिया और गोली मार दी.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में लोगों ने घायल रंजीत को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. घटना की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया. एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल से कई अहम सुराग जुटाए. इसके बाद तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची.
जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले DJ संचालक तुर्की निवासी विक्की कुमार और पानापुर करियात निवासी रामबाबू सहनी को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर करजा निवासी नीरज कुमार और धीरज कुमार उर्फ गोलू को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि शुरुआती जांच में DJ संचालक विक्की कुमार की भूमिका मुख्य आरोपी के रूप में सामने आई है. हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या पहले से बनाई गई योजना के तहत हुई या फिर विवाद के दौरान अचानक गोली चलाई गई.
पुलिस ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल हथियार को आरोपियों ने छिपाने की कोशिश की थी. उनकी निशानदेही पर झाड़ियों के पास जमीन में दबाकर रखे गए हथियार बरामद किए गए हैं. पुलिस ने एक देशी पिस्टल, एक कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है.
हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग से मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.