Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / बाबा गरीबनाथ मंदिर कॉरिडोर परियोजना के काम में तेजी, पर्यटन विभाग की टीम...

बाबा गरीबनाथ मंदिर कॉरिडोर परियोजना के काम में तेजी, पर्यटन विभाग की टीम ने लिया जायजा; काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर होगा विकसित

Bihar News: मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर कॉरिडोर परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर मंदिर परिसर का विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Jul 04, 2026, 12:49:00 PM

Bihar News

- फ़ोटो Google

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर में प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर को भव्य धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कॉरिडोर परियोजना ने गति पकड़ ली है। पर्यटन विभाग की टीम ने नगर आयुक्त के साथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, आसपास की सड़कों और प्रस्तावित कॉरिडोर क्षेत्र का अवलोकन किया। बताया गया कि बाबा गरीबनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। परियोजना के तहत मंदिर परिसर का व्यापक सौंदर्यीकरण किया जाएगा।


प्रस्तावित योजना के अनुसार बाबा गरीबनाथ मंदिर को साहू पोखर से जोड़ते हुए एक भव्य कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा छाता बाजार से माखन साह चौक तक विभिन्न आधारभूत विकास कार्य भी किए जाएंगे।


श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीर्थयात्री भवन, आधुनिक शौचालय, स्वच्छ पेयजल, छायादार विश्राम स्थल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुविधाजनक अनुभव मिल सके।


परियोजना के अंतर्गत शिवालय मंदिर परिसर स्थित पोखर और घाट का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। साथ ही वहां भगवान नारायण और माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव है। इससे क्षेत्र का धार्मिक और पर्यटन महत्व और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।


स्थल निरीक्षण के बाद पर्यटन विभाग की टीम वापस लौट गई। अब निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर विभाग को सौंपी जाएगी, जिसके बाद परियोजना की अगली प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।