Hindi News / bihar / munger-news / बिहार में मां-बेटे को बेरहमी से पीटा, दबंगई का वीडियो वायरल होने पर...

बिहार में मां-बेटे को बेरहमी से पीटा, दबंगई का वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस, 9 लोगों पर FIR दर्ज

Bihar Crime News: मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के सुंदरडीह भलार गांव में दबंगों ने मां और बेटे को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. वायरल वीडियो में मारपीट की पूरी...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 21, 2026, 3:11:13 PM

बिहार में मां-बेटे को बेरहमी से पीटा, दबंगई का वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस, 9 लोगों पर FIR दर्ज

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर जिले से दबंगई और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक मामला सामने आया है. धरहरा थाना क्षेत्र के सुंदरडीह भलार गांव में कुछ दबंगों ने एक मां और उसके बेटे को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है.


जानकारी के अनुसार, सुंदरडीह भलार गांव की रहने वाली अनिता देवी का बेटा दिलखुश यादव शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे अपने खेत में काम कर रहा था. इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग अचानक वहां पहुंचे. आरोप है कि उनके हाथों में लाठी-डंडे थे और आते ही उन्होंने युवक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.


बताया जा रहा है कि मामूली विवाद के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दबंगों ने दिलखुश यादव को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी. युवक को बचाने के लिए जब उसकी मां अनिता देवी मौके पर पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और उनके साथ भी मारपीट की.


मारपीट के दौरान मां-बेटे की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों के आने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल दिलखुश यादव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.


इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में कुछ लोग एक युवक को घेरकर लाठी-डंडों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया.


मामला तूल पकड़ने के बाद धरहरा थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. पीड़ित महिला अनिता देवी के बयान के आधार पर पुलिस ने चार नामजद समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.


पुलिस ने इस मामले में फंटूश चौधरी, विपिन चौधरी, मंगल चौधरी और अनीता देवी समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया है. फिलहाल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.


धरहरा थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.