1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 10, 2026, 4:29:11 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar News: दिल्ली से एक सप्ताह पहले लापता हुईं तीन नाबालिग सहेलियों को बिहार के मुंगेर जिले के असरगंज से पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया। तीनों किशोरियां पढ़ाई को लेकर माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थीं और बिना टिकट ट्रेन से बिहार पहुंची थीं। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें बाल कल्याण समिति (CWC) मुंगेर के सुपुर्द कर दिया है।
असरगंज थाना पुलिस की टीम नियमित गश्ती पर थी, इसी दौरान अद्रास गांव के पास एक सुनसान इलाके में तीन किशोरियां घूमती हुई दिखाई दीं। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। शुरुआत में तीनों ने अपनी पहचान और आने का कारण बताने में हिचकिचाहट दिखाई, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी। असरगंज थाना प्रभारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि पुलिस ने सतर्कता और सूझबूझ से तीनों को सुरक्षित संरक्षण में लिया।
पूछताछ में किशोरियों ने बताया कि वे दिल्ली के सागरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं और उनकी उम्र करीब 16 वर्ष है। पढ़ाई को लेकर माता-पिता की डांट-फटकार से नाराज होकर तीनों घर से निकल गई थीं। उनके पास न मोबाइल था और न ही पैसे। इसके बाद वे बिना टिकट विक्रमशिला एक्सप्रेस से सुल्तानगंज पहुंचीं। एक सहेली ने बताया कि अद्रास गांव में उसकी दादी का घर है, जिसके बाद तीनों वहां पहुंच गईं।
पुलिस ने किशोरियों से उनके परिवार वालों का मोबाइल नंबर लिया और दिल्ली में उनके स्वजनों से संपर्क किया। स्वजनों ने बताया कि तीनों के लापता होने के बाद दिल्ली के सागरपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बेटियों के सकुशल मिलने की जानकारी मिलने पर परिवार वालों ने असरगंज पुलिस का आभार जताया।
असरगंज पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके बाद तीनों नाबालिगों को महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में बाल कल्याण समिति मुंगेर को सौंप दिया गया। साथ ही उनकी बरामदगी की सूचना दिल्ली पुलिस को भी भेज दी गई है।