1st Bihar Published by: First Bihar Updated Aug 14, 2025, 7:29:00 AM
अस्पताल का दृश्य - फ़ोटो रिपोर्टर
Bihar News: मुंगेर के सफियासराय थाना क्षेत्र में हेरूदियारा पेट्रोल पंप के समीप बुधवार देर शाम वाहन जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में परिवहन दारोगा राज कुमार, महिला दारोगा रिया कुमारी और चालक गुड्डू कुमार घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग की टीम लखीसराय की ओर से आ रहे एक बालू लदे हाइवा की जांच कर रही थी। हाइवा में ओवरलोडिंग, चालान की कमी और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट न होने के कारण टीम जुर्माना लगा रही थी। तभी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस कुछ लोग वहां जमा हो गए और अचानक टीम पर हमला कर दिया। हमले में चालक गुड्डू कुमार की दाएं हाथ की दो अंगुलियां कट गईं, राज कुमार की पीठ पर लाठी के प्रहार से जख्म हो गए और रिया कुमारी आंशिक रूप से घायल हुईं हैं।
जिसके बाद परिवहन विभाग की टीम किसी तरह मौके पर से बचकर निकली और घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जिला परिवहन पदाधिकारी एसके अलबेला ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि हमलावरों की पहचान कर सफियासराय थाना में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने घायलों के इलाज को प्राथमिकता बताया और कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: मो. इम्तियाज