Hindi News / bihar / madhubani-news / प्रसव के बाद नवजात की मौत, परिजनों ने नर्सिंग होम में किया हंगामा

प्रसव के बाद नवजात की मौत, परिजनों ने नर्सिंग होम में किया हंगामा

मधुबनी के कोतवाली चौक स्थित एक निजी नर्सिंग होम में नवजात की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा मचाया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया, जबकि नर्सिंग होम ने दावा किया कि गर्भ में ही बच्चे की मौत हो चुकी थी।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 22, 2026, 7:52:19 PM

बिहार न्यूज

- फ़ोटो रिपोर्टर

MADHUBANI: मधुबनी के नगर थाना क्षेत्र के कोतवाली चौक स्थित एक निजी नर्सिंग होम में नवजात की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने नर्सिंग होम प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।


मिली जानकारी के अनुसार, बेनीपट्टी प्रखंड के जारैल गांव निवासी ललित कुमार झा की 25 वर्षीय गर्भवती पत्नी सुरभि कुमारी को सोमवार तड़के करीब 3 बजे प्रसव पीड़ा होने पर उक्त निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि नर्सिंग होम में एक छोटा ऑपरेशन करने के बाद नवजात का जन्म हुआ, लेकिन बच्चा मृत था।


परिजनों का कहना है कि नर्सिंग होम की लापरवाही के कारण नवजात की मौत हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में कई निजी नर्सिंग होम बिना निर्धारित मानकों के संचालित हो रहे हैं। उनका कहना है कि कई जगहों पर अप्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ के भरोसे मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जबकि चिकित्सकों की मौजूदगी भी सुनिश्चित नहीं रहती। इसी वजह से आए दिन जच्चा-बच्चा की मौत की घटनाएं सामने आती रहती हैं।


वहीं, नर्सिंग होम संचालक और स्टाफ ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला के गर्भ में पहले से ही बच्चे की मौत हो चुकी थी, जिसके कारण नवजात मृत पैदा हुआ। फिलहाल, मामले को लेकर परिजनों और नर्सिंग होम प्रबंधन के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।