Bihar Road Accident: बड़ी खबर बिहार के मधुबनी से आ रही है, जहां तेज रफ्तार बस हादसे की शिकार हो गई है। अनियंत्रित बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई, जिसके बाद बस सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। घटना मधेपुर थाना क्षेत्र के इसराइन चौड़ के पास की है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को इसराइन चौड़ के पास यात्रियों से खचाखच भरी तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। हादसे में बस पर सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए मधेपुर PHC में भर्ती कराया है, जहां सभी का इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
रिपोर्ट- कुमार गौरव, मधुबनी




