Bihar News: मधुबनी के नगर थाना क्षेत्र में राम चौक के समीप काली मंदिर रोड पर सोमवार रात को हाई टेंशन तार के शरीर पर गिरने से 22 वर्षीय चिंकी की जलकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। मृतका दरभंगा के चुनाभट्ठी निवासी स्वर्गीय किशोर बाड़ी की पुत्री थी।
जानकारी के अनुसार, चिंकी अपने नाना स्वर्गीय रामाशीष बारी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने बारी टोला आई थी। वह मेला देखने के बाद अपने नाना के घर से मौसी के घर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ कोतवाली चौक और राम चौक पर टायर जलाकर जमकर नारेबाजी की है। जिससे काफी समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेने के लिए स्थानीय लोगों से बातचीत शुरू की। इसके बाद लोगों को समझ बुझा कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए तारों की मरम्मत और सुरक्षा उपायों की मांग की है।






