Bihar News :मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत दामोदरपुर गांव में रविवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना गांव के दक्षिणबारी टोले की है, जहां तालाब में नाव पलटने से बच्ची गहरे पानी में डूब गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोपहर के वक्त गांव के तीन बच्चे महदई पोखर में नहाने गए थे। इस दौरान वे एक नाव पर सवार हो गए। नाव असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद दो बच्चे किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन 13 वर्षीय सोनाक्षी गहरे पानी में डूब गई।
बच्चों के शोर मचाने पर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर बच्ची को खोजने लगे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सोनाक्षी को बाहर निकाला गया और तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल बेनीपट्टी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बच्ची की पहचान दामोदरपुर गांव निवासी शिवन पासवान की पुत्री सोनाक्षी के रूप में हुई है। वह पढ़ाई में होशियार थी और परिवार की बड़ी उम्मीद थी।परिवार को खबर मिलते ही चीख पुकार मच गयी |



