Hindi News / bihar / jamui-news / गाय चराने गई महिला से दुष्कर्म, विरोध करने पर की मारपीट; आरोपी की...

गाय चराने गई महिला से दुष्कर्म, विरोध करने पर की मारपीट; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Bihar Crime News: जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में महिला के साथ कथित अपराध का मामला सामने आया है. पीड़िता के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है. घटना के बाद इलाके...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 11, 2026, 1:23:32 PM

गाय चराने गई महिला से दुष्कर्म, विरोध करने पर की मारपीट; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

- फ़ोटो

Bihar Crime News: जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के पोहे गांव में 40 वर्षीय महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.


मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे महिला गांव के बघमारा बहियार में गाय चरा रही थी. आरोप है कि इसी दौरान पोहे गांव निवासी प्रहलाद मांझी वहां पहुंचा. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी कथित रूप से शराब के नशे में था और उसने महिला को जबरन पकड़कर पास की झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया.


पीड़िता का कहना है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गई. महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े. लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया.


घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया.


शनिवार की सुबह पीड़िता गांव के कई महिला और पुरुषों के साथ सिकंदरा थाना पहुंची, जहां पुलिस ने उसका फर्द बयान दर्ज किया. पीड़िता के आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.


सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मेडिकल जांच रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य तथा अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


जमुई से धीरज कुमार सिंह की रिपोर्ट