1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 11, 2026, 11:47:53 AM
- फ़ोटो
Bihar Sports News: बिहार के गांवों में अब खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर पहल शुरू हो गई है. राज्य सरकार ने ग्रामीण खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और गांव-गांव से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर पंचायत में ग्राम पंचायत खेल क्लब बनाने का फैसला किया है. इस योजना के तहत हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स समेत कुल 14 खेलों को बढ़ावा दिया जाएगा. सरकार का लक्ष्य है कि गांवों में छिपी प्रतिभाओं को सही मंच, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का अवसर मिले, ताकि भविष्य में बिहार से देश के लिए नए चैंपियन तैयार हो सकें.
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) और खेल विभाग की ओर से इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है. गया जिले सहित कई जिलों में एक जुलाई से 15 अगस्त तक ऑनलाइन सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है. इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन पंजीकरण कर अपने पंचायत खेल क्लब के सदस्य बन सकते हैं. इसके बाद उन्हें विभाग की विभिन्न खेल योजनाओं और प्रतियोगिताओं का लाभ मिलेगा.
सरकार का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. आज भी गांवों के बच्चे बिना किसी आधुनिक सुविधा के मैदानों में क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल और अन्य खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं. लेकिन संसाधनों और प्रशिक्षण की कमी के कारण अधिकांश खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते. पंचायत स्तर पर खेल क्लब बनने से यह स्थिति बदलने की उम्मीद है.
प्रत्येक पंचायत में गठित होने वाले खेल क्लब में अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और अन्य सदस्य होंगे, जो स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों का संचालन करेंगे. नियमित अभ्यास, स्थानीय प्रतियोगिताएं और खिलाड़ियों की पहचान का काम इसी क्लब के माध्यम से किया जाएगा. इससे ग्रामीण खिलाड़ियों को अपने गांव में ही बेहतर माहौल मिलेगा.
इस योजना के तहत एथलेटिक्स, फुटबॉल, क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, हॉकी, हैंडबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी, कुश्ती, भारोत्तोलन, योग और पारंपरिक ग्रामीण खेलों को विशेष रूप से शामिल किया गया है. इन खेलों के माध्यम से युवाओं में फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर भी जोर रहेगा.
खेल विभाग के अनुसार, सदस्यता अभियान पूरा होने के बाद 2 अक्टूबर 2026 से पंचायत स्तरीय खेल महोत्सव की शुरुआत होगी. यह प्रतियोगिता अगले वर्ष मार्च तक चलेगी. पंचायत स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रखंड, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका मिलेगा.