Hindi News / bihar / jamui-news / मुहर्रम को लेकर बिहार में हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी;...

मुहर्रम को लेकर बिहार में हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी; सोशल मीडिया पर पैनी नजर

Bihar News: मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बिहार में हाई अलर्ट जारी किया गया है। संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च, कड़ी पुलिस निगरानी और सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जा रही है।

1st Bihar Published by: Dheeraj Kumar Updated Jun 25, 2026, 7:53:51 PM

Bihar News

मुहर्रम को लेकर पुलिस ने कसी कमर - फ़ोटो Reporter

Bihar News: मुहर्रम को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर रखा है। ऐसे में राज्य के तमाम जिलों में पुलिस ने निगरानी तेज कर दी है। सोशल मीडिया से लेकर तमाम गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है। जमुई में मुहर्रम के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। 


मुहर्रम को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मलयपुर एवं बरहट थाना क्षेत्र में गुरुवार को अधिकारियों के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।


मलयपुर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों ने विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया। फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर बाजार क्षेत्र, प्रमुख चौक-चौराहों, ग्रामीण क्षेत्रों और मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा। मार्च के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।


उधर, बरहट थाना क्षेत्र में भी अंचलाधिकारी मयंक अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा मार्च निकाला। इस दौरान संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान शांति बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरभ और बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि मुहर्रम के अवसर पर डीजे के उपयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाले संदेशों और पोस्टों पर साइबर टीम की विशेष निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों को चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस प्रशासन ने शांति समिति के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि आम जनता के सहयोग से ही त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सकता है।

जमुई से धीरज कुमार की रिपोर्ट..