Hindi News / bihar / gopalganj-news / गोपालगंज के नए डीएम समीर सौरभ ने संभाला पदभार, विकास और जनहित को...

गोपालगंज के नए डीएम समीर सौरभ ने संभाला पदभार, विकास और जनहित को बताया प्राथमिकता

Bihar News: गोपालगंज के नए जिलाधिकारी समीर सौरभ ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने विकास कार्यों में तेजी, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जन शिकायतों के त्वरित समाधान को प्राथमिकता बताया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 22, 2026, 6:50:04 PM

Bihar News

- फ़ोटो Reporter

Bihar News: गोपालगंज के नए डीएम समीर सौरभ ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है। समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रशासन ने उनका स्वागत किया। इस दौरान निवर्तमान डीएम ने उन्हें कार्यभार सौंपा और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आगे की प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई।


जिला प्रशासन की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया, जबकि जिला पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान निवर्तमान जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने औपचारिक रूप से नए डीएम को प्रभार सौंपा। इस मौके पर जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।


पदभार संभालने के बाद डीएम समीर सौरभ ने समाहरणालय परिसर की विभिन्न शाखाओं और विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों और जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को समयबद्ध कार्य निष्पादन, अनुशासन बनाए रखने और जन शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।


डीएम समीर सौरभ ने बताया कि “जिले के विकास कार्यों को गति देना, जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाना हमारी प्राथमिकता होगी। आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।”


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे और विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यालयों में आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार पर भी जोर दिया।


वहीं निवर्तमान डीएम पवन कुमार सिन्हा ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और नए जिला पदाधिकारी को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवपदस्थापित डीएम का स्वागत कर बेहतर प्रशासनिक कार्यकाल की उम्मीद जताई। गोपालगंज में नए जिला पदाधिकारी के पदभार ग्रहण के साथ ही प्रशासनिक कार्यों को और तेज करने तथा जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान की दिशा में नए प्रयासों की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज