Hindi News / bihar / gopalganj-news / शराब लदी तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, पुलिस के पहुंचने से पहले...

शराब लदी तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, पुलिस के पहुंचने से पहले अधिकांश बोतलें लूट ले गए ग्रामीण

Bihar News: गोपालगंज के भोरे में शराब से लदी यूपी नंबर की कार पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया, जबकि पुलिस पहुंचने से पहले स्थानीय लोग अधिकांश अंग्रेजी शराब की बोतलें उठा ले गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 27, 2026, 11:14:22 AM

Bihar News

- फ़ोटो Google

Bihar News: गोपालगंज में भोरे थाना क्षेत्र के भोरे-कटेया मुख्य पथ पर शनिवार अहले सुबह शराब से लदी उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। इस बीच कार में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस के पहुंचने से पहले ही अधिकांश शराब की बोतलें उठा ले गई।


जानकारी के अनुसार, भोरे बाजार स्थित हीरो एजेंसी के समीप तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद चालक और अन्य सवार वाहन छोड़कर फरार हो गए। कुछ ही देर में आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कार के अंदर अंग्रेजी शराब की पेटियां देखकर लोगों ने बोतलें निकालनी शुरू कर दीं और देखते ही देखते अधिकांश शराब गायब हो गई।


घटना की सूचना मिलने पर भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से केवल क्षतिग्रस्त कार मिली, जिसे जब्त कर थाने ले जाया गया। पुलिस वाहन के निबंधन नंबर के आधार पर उसके मालिक और शराब तस्करों की पहचान में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और उसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। मामले की जांच जारी है।