Gaya News: गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (ANMMCH) के इमरजेंसी वार्ड की स्थिति को लेकर बीते दिनों समाचार प्रकाशित हुई , तो अस्पताल प्रशासन ने तत्काल सख्ती दिखाई। इसके परिणामस्वरूप अस्पताल में अब स्पष्ट सुधार देखने को मिल रहा है।
जहां दो दिन पहले तक मरीजों को सीधे बेड पर सिरिंज रखकर इंजेक्शन दिए जा रहे थे, वहीं अब नर्सें सिरिंज को ट्रे में रखकर मरीजों के पास जाकर इंजेक्शन देने लगी हैं। साथ ही, मरीजों और उनके परिजनों द्वारा कुछ पूछे जाने पर अब कर्मचारियों का व्यवहार भी पहले से ज्यादा नम्र और सहयोगात्मक हो गया है।
अस्पताल के कर्मचारियों का कहना है कि इसी तरह की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि मरीजों को बेहतर सेवा मिल सके और वे असुविधा से बचें। एक मृतक मरीज के परिजन ने यह भी बताया कि मौत के बाद अस्पताल के कर्मचारी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए उनसे पूरी जानकारी ले रहे थे, जो पहले के मुकाबले असामान्य लेकिन सकारात्मक बदलाव है।
गौरतलब है कि मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद लापरवाही उजागर हुई थी , जिसमें तस्वीरों के साथ हालात दिखाए गए थे। इस रिपोर्ट के बाद अस्पताल के अधीक्षक ने तत्काल सख्ती बरतते हुए 72 घंटे के अंदर जांच रिपोर्ट तलब की थी। अधीक्षक के इस सख्त रुख का असर अब अस्पताल के माहौल में स्पष्ट रूप से सुधार दिख रहा है।



