Hindi News / bihar / darbhanga-news / दरभंगा बम धमाका में घायल मजदूर ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, मुआवजे...

दरभंगा बम धमाका में घायल मजदूर ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, मुआवजे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम

Bihar News: दरभंगा में संदिग्ध बम विस्फोट में घायल एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मुआवजे, बेहतर इलाज और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 08, 2026, 11:44:11 AM

दरभंगा बम धमाका में घायल मजदूर ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, मुआवजे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम

- फ़ोटो

Bihar News: दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र के चंचल नगर में हुए संदिग्ध बम विस्फोट में घायल मजदूर रामबाबू पासवान की इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके बाद बुधवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने चंदनपट्टी चौक के पास लहेरियासराय-बहेड़ी मुख्य पथ और देकुली-सिसौनी मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया.


ग्रामीणों का आरोप है कि बम धमाके में घायल रामबाबू पासवान और भोला पासवान को पहले डीएमसीएच में भर्ती कराया गया था. वहां से बेहतर इलाज के लिए दोनों को पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. लोगों का कहना है कि पीएमसीएच में भी रामबाबू को समय पर बेहतर इलाज नहीं मिल सका, जिसके कारण उनकी मौत हो गई.


घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, घायल मजदूर के बेहतर इलाज की व्यवस्था और बम विस्फोट के दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.


सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया. हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और कार्रवाई की मांग करते रहे.


ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि एक गरीब परिवार की जिंदगी उजड़ने की घटना है. रामबाबू पासवान की मौत के बाद उनके परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है. फिलहाल प्रशासन लोगों से बातचीत कर सड़क जाम खत्म कराने और मामले में आगे की कार्रवाई का भरोसा दिला रहा है.