Hindi News / bihar / buxar / बिहार में दर्दनाक हादसा: तीन नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत, नदी में...

बिहार में दर्दनाक हादसा: तीन नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत, नदी में नहाने के दौरान गई जान

Bihar News: बक्सर के इटाढ़ी प्रखंड स्थित ठोरा नदी में नहाने गए तीन नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 18, 2026, 4:50:49 PM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar News: बिहार के बक्सर जिले में एक दर्दनाक हादसे में ठोरा नदी में नहाने गए तीन नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना इटाढ़ी प्रखंड के सरस्ती गांव के पास गुरुवार दोपहर की है। सभी बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।


मृतकों की पहचान सरस्ती गांव निवासी समर कुमार (16 वर्ष, पिता रत्नेश शर्मा), कृष्णा कुमार (14 वर्ष, पिता स्वर्गीय सुरेंद्र राम) और धर्मवीर कुमार (13 वर्ष, पिता धर्मेंद्र यादव) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे दोपहर करीब 11 बजे ठोरा नदी में नहाने गए थे।


नहाने के दौरान अचानक तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास से गुजर रहे एक व्यक्ति ने बच्चों को डूबते देखा और शोर मचाकर स्थानीय लोगों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू की।


काफी मशक्कत के बाद पहले दो बच्चों के शव बरामद किए गए, जिन्हें तुरंत बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में तीसरे बच्चे धर्मवीर कुमार का शव भी नदी से निकाल लिया गया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद सरस्ती गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठोरा नदी के इस हिस्से में गहरे गड्ढे होने के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।