Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र दिया. बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस में खाली पड़े पदों को भरा जायेगा. अब बिहार पुलिस में 2 लाख 29 हजार लोग होंगे. जरूरत होगी और और ज्यादा लोगों को बहाल किया जायेगा. सीएम नीतीश ने अधिकारियों को खड़ा करा कर कहा कि बताइए..खाली पड़े पदों पर जल्दी बहाली करेंगे न ? मंच पर मुख्य सचिव से लेकर गृह विभाग के प्रधान सचिव,डीजीपी से लेकर तमाम बड़े अधिकारी मौजूद थे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पहले क्या स्थिति थी? हमलोग 24 नवंबर 2005 को आये थे, उसके पहले तो दूसरे का राज था. पहले की स्थिति से सबलोग वाकिफ हैं. उनलोगों के समय में 42 हजार 481 पुलिसकर्मी थे. हमलोग जब आये तो कहे की इतना कम पुलिस क्यों है. इसलिए हमलोगों ने कहा कि पुलिस की संख्या बढ़ाई जाय. सब काम को करने के लिए पुलिस की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया.
2013 में हमने कर दिया पुलिस में महिलाएं 35 फीसदी रहेंगी. इसके बाद पुलिस बल की संख्या एक लाख 10 हजार हो गई। इसके बाद निर्णय लिया कि इस संख्या को और बढ़ाना है, हमने तय कि 2 लाख 29 हजार पुलिसकर्मी होनी चाहिए. 55 हजार और बहाली करनी है. यहां पर अधिकारी हैं, उनसे हम कहेंगे कि क्यों नहीं तेजी से बहाली कर रहे हैं. खड़ा होइए...जल्दी से बहाली करिए, 55 हजार जो कहे हैं उसको तेजी से करिए. उन्होंने कहा कि 21 हजार पुलिस की बहाली का काम हो गया है, इसके अलावे इसी महीना बाकी बचा बहाली का काम पूरा कर दीजिएगा तो अच्छा लगेगा. नीतीश कुमार ने कहा कि देश के किसी भी राज्य में इतनी महिलाएं नहीं हैं.


