Patna News: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। इस बीच कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आयोग जिस तरह से बिहार में काम कर रहा है, वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है और कांग्रेस इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
राजेश कुमार ने बताया कि बिहार में मतदाता सूची में व्यापक गड़बड़ी की आशंका है, और करोड़ों लोगों के नाम सूची से हटाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा, "हमने आज बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से समय मांगा है। जैसे ही समय मिलेगा, हमारा प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात कर चुनाव आयोग की अनियमितताओं पर बात करेगा।"
जब उनसे पूछा गया कि वीआईपी पार्टी के मुखिया मुकेश साहनी ने महागठबंधन में 60 सीटों की मांग की है, तो उन्होंने संयमित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "अगर इस तरह की कोई बात आती है, तो हम लोग मिल-बैठकर इसका फैसला लेंगे। अभी प्राथमिकता चुनाव आयोग से निपटने की है।"
AIMIM के द्वारा राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को महागठबंधन में शामिल होने के लिए पत्र लिखे जाने के सवाल पर राजेश कुमार ने कहा, "अभी इस तरह के राजनीतिक प्रस्तावों पर बात करने का समय नहीं है। फिलहाल सबसे जरूरी मुद्दा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से निपटना है।"
"चुनाव आयोग भगवान नहीं है। जो कार्यप्रणाली बिहार में अपनाई जा रही है, उससे करोड़ों वोटरों के नाम हट सकते हैं। हम इसे किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। सबसे पहले लोकतंत्र की रक्षा ज़रूरी है, बाकी सीटों और गठबंधनों पर बाद में बात होगी।"
रिपोर्ट- प्रेम राज


