Bihar News: बिहार प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्यवाही चलेगी. सूबे के मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी ने डिपार्मेंटल प्रोसीडिंग्स चलाने की अनुशंसा की है. इस आलोक में मगध प्रमंडल के कमिश्नर को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है.
दरअसल, अरवल के तत्कालीन प्रभारी जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) के खिलाफ परिवहन विभाग ने 26 जुलाई 2023 को आरोप पत्र की प्रति सामान्य प्रशासन विभाग को उपलब्ध कराई थी. तत्कालीन प्रभारी जिला परिवहन पदाधिकारी अरवल मृत्युंजय कुमार के खिलाफ कार्यों में लापरवाही बरतने, वरीय पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना करने.स्वेच्छाचारिता के साथ-साथ विधानसभा निर्वाचन 2020 में कई चालकों का भुगतान लंबित रखने, वाहनों के निबंधन में अनावश्यक रूप से विलंब करने एवं अवैध रूप से चालान काटने संबंधी आरोप प्रतिवेदन किए गए थे .
2 जून 2025 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति में मामले की समीक्षा की गई. जिसमें जिला पदाधिकारी अरवल की रिपोर्ट से असहमत होते हुए मृत्युंजय कुमार के खिलाफ प्रतिवेदित आरोपों के लिए अनुशासनिक कार्यवाही संचालित करने की अनुशंसा की गई. इस आलोक में विभागीय कार्यवाही चलने का निर्णय लिया गया है. मगध प्रमंडल की कमिश्नर को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. बता दें, मृत्युंजय कुमार वर्तमान में शेखपुरा के भूमि सुधार उप समाहर्ता के पद पर पदस्थापित हैं.


