1st Bihar Published by: RAKESH KUMAR Updated Jun 22, 2026, 9:44:11 PM
कुर्की-जब्ती का सामान जलकर राख - फ़ोटो रिपोर्टर
ARRAH: आरा शहर के नवादा थाना परिसर में सोमवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की इस घटना में पुराने मालखाना में रखा सामान और कुर्की-जब्ती के दौरान पुलिस द्वारा जब्त किए गए कई सामान जलकर राख हो गए।
अगलगी की घटना के बाद थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने अपने स्तर से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद घटना की जानकारी नवादा थानाध्यक्ष और वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन बड़ी दमकल गाड़ियां पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से थाना परिसर के अन्य हिस्सों को सुरक्षित बचा लिया गया।






