Hindi News / bihar / bhagalpur-news / चलती ट्रेन में शराब तस्करों का तांडव! भागलपुर एक्सप्रेस में चेन पुलिंग के...

चलती ट्रेन में शराब तस्करों का तांडव! भागलपुर एक्सप्रेस में चेन पुलिंग के बाद फायरिंग से यात्रियों में दहशत

Bihar News: चलती ट्रेन में अचानक मची अफरा-तफरी, चेन पुलिंग और फिर गूंजी गोली की आवाज… लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस में कुछ ऐसा हुआ जिसने यात्रियों की सांसें रोक दीं और पूरे रूट पर हड़कंप...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 27, 2026, 2:31:12 PM

चलती ट्रेन में शराब तस्करों का तांडव! भागलपुर एक्सप्रेस में चेन पुलिंग के बाद फायरिंग से यात्रियों में दहशत

- फ़ोटो

Bihar News: लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस (12336 डाउन) में उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब चलती ट्रेन में शराब तस्करों और सुरक्षा बलों के बीच आमना-सामना हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन के जनरल कोच में अवैध शराब की खेप लेकर सफर कर रहे तस्करों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने घेराबंदी की, लेकिन खुद को फंसता देख तस्करों ने फिल्मी अंदाज में चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। इसके बाद ट्रेन के भीतर भगदड़ जैसे हालात बन गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के इंजन के ठीक पीछे स्थित दूसरे सामान्य कोच में कुछ संदिग्ध युवक भारी मात्रा में शराब लेकर सफर कर रहे थे। इसकी भनक सुरक्षा बलों को लग गई। जैसे ही जवानों ने कोच को चारों तरफ से घेरकर तलाशी शुरू की, तस्करों ने बचने के लिए तुरंत ट्रेन की चेन खींच दी। वैक्यूम होने के कारण ट्रेन अचानक रुक गई और इसी मौके का फायदा उठाकर तस्कर बोगी से कूदकर भागने लगे।


बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली चलते ही ट्रेन में बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई यात्री डर के मारे सीटों के नीचे छिप गए, जबकि कुछ लोग जान बचाने के लिए बोगी से बाहर निकलने लगे।


हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली तस्करों की ओर से चलाई गई या सुरक्षा बलों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन में शराब तस्करी की सूचना पहले से थी और सुरक्षा एजेंसियां निगरानी कर रही थीं। लेकिन तस्करों द्वारा अचानक चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक देना और फिर भागने की कोशिश करना पूरे घटनाक्रम को और गंभीर बना गया।