Hindi News / bihar / begusarai-news / बेगूसराय में बड़ा हादसा: बनद्वार बांध में नहाने के दौरान दो नाबालिग बच्चों...

बेगूसराय में बड़ा हादसा: बनद्वार बांध में नहाने के दौरान दो नाबालिग बच्चों की मौत, गर्मी की छुट्टी मनाने आया हुआ था गांव

बेगूसराय के निमाचंदपुरा थाना क्षेत्र स्थित बनद्वार बांध में स्नान के दौरान दो नाबालिग छात्रों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने दोस्तों के साथ नहाने गए थे। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक

1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Jun 25, 2026, 9:51:39 PM

बिहार न्यूज

परिजनों में मचा कोहराम - फ़ोटो रिपोर्टर

BEGUSARAI: बेगूसराय जिले में गुरुवार को स्नान करने गए दो नाबालिग छात्रों की डूबने से मौत हो गई। घटना निमाचंदपुरा थाना क्षेत्र स्थित बनद्वार बांध की है। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वही दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।


मृतकों की पहचान तेघड़ा थाना क्षेत्र के गौड़ा गांव निवासी दिलीप रजक के 17 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार और निमाचंदपुरा थाना क्षेत्र के बनद्वार वार्ड संख्या-8 निवासी मोहम्मद शौकत के 13 वर्षीय पुत्र मोहम्मद शमशाद के रूप में की गई है।परिजनों के अनुसार दोनों बच्चे अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ बनद्वार बांध में स्नान करने गए थे। इसी दौरान नहाते-नहाते दीपक और शमशाद गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद तीन अन्य बच्चे किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। बाहर निकलते ही बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।


स्थानीय लोगों ने काफी देर तक पानी में उतरकर दोनों बच्चों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद घटना की सूचना निमाचंदपुरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव पानी से बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


बताया जाता है कि मृतक दीपक कुमार अपने माता-पिता के साथ दिल्ली में रहता था। गर्मी की छुट्टियों में वह अपने पैतृक गांव आया था और कुछ दिनों के लिए अपने ननिहाल निमाचंदपुरा क्षेत्र में ठहरा हुआ था। दीपक आठवीं कक्षा का छात्र था। वहीं, मोहम्मद शमशाद अपने परिवार के साथ कोलकाता में रहता था और वहीं पढ़ाई करता था। स्कूल में गर्मी की छुट्टी होने के कारण वह अपने गांव आया हुआ था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।


एक साथ दो मासूम छात्रों की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और बच्चों को नदी एवं गहरे जलाशयों में स्नान करने से बचने की सलाह दे रहे हैं। यह हादसा एक बार फिर गहरे जलाशयों में बिना सुरक्षा व्यवस्था के स्नान करने के खतरों की याद दिलाता है। गांव में हर ओर इसी दर्दनाक घटना की चर्चा हो रही है।