Hindi News / bihar / aurangabad-news / बिहार के पार्को में गंदगी फैला रहे युवा, सोशल मीडिया पर अश्लील हरकत...

बिहार के पार्को में गंदगी फैला रहे युवा, सोशल मीडिया पर अश्लील हरकत करते वीडियो वायरल

औरंगाबाद के सत्येंद्र नारायण सिंह पार्क का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, नगर परिषद ने इस अश्लील वीडियो को पार्क का होने से इनकार किया है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 26, 2026, 3:19:29 PM

बिहार न्यूज

औरंगाबाद के सत्येंद्र नारायण सिंह पार्क का वीडियो वायरल होने का दावा - फ़ोटो सोशल मीडिया

AURANGABAD: बिहार के औरंगाबाद शहर के दानी बिगहा स्थित सत्येंद्र नारायण सिंह पार्क का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो में पार्क परिसर में कुछ युवक-युवतियां आपत्तिजनक हरकत करते नजर आ रहे हैं। हालांकि वायरल हो रहे इस अश्लील वीडियो की पुष्टि फर्स्ट बिहार नहीं करता है। 


मिली जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर यह दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो शहर के सत्येंद्र नारायण सिंह पार्क का है और हाल के दिनों का है। अश्लील आपत्तिजनक वीडियो के सामने आने के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वायरल वीडियो वास्तव में इसी पार्क का है, तो यह पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों का मानना है कि सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।


गौरतलब है कि सत्येंद्र नारायण सिंह पार्क औरंगाबाद शहर के प्रमुख और आकर्षक पार्कों में से एक है। इस पार्क का उद्घाटन 29 नवंबर 2020 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया था। पार्क में मॉर्निंग वॉक ट्रैक, ओपन जिम, बच्चों के लिए खेल सामग्री, हरियाली, आकर्षक लाइटिंग और फव्वारों सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यही कारण है कि सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में लोग यहां सैर और मनोरंजन के लिए पहुंचते हैं।


वायरल वीडियो को लेकर पार्क प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पार्क का संचालन और रखरखाव नगर परिषद की देखरेख में एक निजी एजेंसी द्वारा किया जाता है। पार्क में सुरक्षा गार्डों की भी तैनाती की गई है। ऐसे में लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल होने के कारण यहां नियमित निगरानी जरूरी है।


वहीं, इस मामले में औरंगाबाद नगर परिषद प्रशासन ने वायरल वीडियो को पार्क का होने से इनकार किया है। नगर परिषद के मुख्य पार्षद उदय कुमार गुप्ता ने दावा किया कि वायरल वीडियो सत्येंद्र नारायण सिंह पार्क का नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्क में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है और नियमित रूप से पुलिस गश्त भी की जाती है। उनके अनुसार, ऐसी स्थिति में पार्क परिसर में इस तरह की गतिविधियों की संभावना नहीं है। फिलहाल, वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।